झबरेड़ा 25 फरवरी। कस्बा स्थित विद्युत सब डिवीजन पर ट्यूबवेल और चरखी के विद्युत बिलों में संशोधन हेतु एक कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें उपभोक्ताओं के विद्युत बिल ठीक किए गए।

कस्बा झबरेड़ा स्थित विद्युत सब डिवीजन पर बुधवार को ग्रामीण अधिशासी अभियंता विनोद कुमार पाण्डे के नेतृत्व में ट्यूबवेल और चरखी के बिलों में संशोधन हेतु एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। क्षेत्र के कुछ किसानों के ट्यूबवेल और चरखी के विद्युत बिल ठीक नहीं आ रहे थे। ऊर्जा निगम द्वारा आयोजित कैंप में निगम के अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभाला ताकि उपभोक्ताओं को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। मौके पर ही बिलों में सुधार किया गया। अधिशासी अभियंता विनोद कुमार पाण्डे ने बताया कि कैंप का मुख्य उद्देश्य उन किसानों की मदद करना है जिनके ट्यूबवेल या चरखी के बिलों में किसी तकनीकी कारण से त्रुटि आ गई थी। जिनको ठीक कराया गया। उन्होंने उपभोक्ता से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में कैंप में पहुँचकर अपने बिलों को ठीक कराएं और इस सुविधा का लाभ उठाएं तथा समय से बिलों का भुगतान करें। निगम के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर ही दस्तावेजों की जांच कर बिलों में आवश्यक संशोधन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कैंप में किसानो की लगभग 50 समस्याएं आई जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस मौके पर कैंप में मुख्य रूप से एसडीओ मोहम्मद रिजवान,एसडीओ मीटर रजनीश सैनी,जे ई देवेंद्र शर्मा,बिलिंग क्लर्क संजीव चौहान व संदीप आदि मौजूद रहे।





