Oplus_16908288
झबरेड़ा 3 फरवरी। कस्बा स्थित श्मशान घाट में एक साथ चार चिताओ को मुखाग्नि देते समय पूरा झबरेड़ा रो पड़ा।अंत्येष्टि के समय शमशान घाट में सैकड़ो की संख्या में कस्बे व क्षेत्रवासी तथा जनप्रतिनिधियो द्वारा नम आंखों से मृतको को अंतिम विदाई दी गई ।मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
कस्बे के मोहल्ला बंजारान निवासी एक परिवार कुछ वर्ष पूर्व यमुनानगर में रोजी-रोटी के लिए गया था । सोमवार को 29 वर्षीय सचिन 27 वर्षीय उसकी पत्नी नेहा 4 वर्षीय बेटा नोनू दो फरवरी को बाइक से यमुनानगर से झबरेड़ा अपने अन्य परिजनों से मिलने के लिए आ रहे थे। यमुनानगर से कुछ आगे पाँसरा रेलवे फाटक के पास सचिन की बाइक के पीछे आ रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी ।डंपर की टक्कर लगते ही बाइक सहित तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए तथा बाइक सवार तीनों डंपर के पहीयों के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। डंपर चालक को डंपर सहित संबंधित थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था। मंगलवार को यमुनानगर अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद उक्त तीनों मृतकों को दो बजे झबरेड़ा लाया गया ।जिस समय उक्त तीनों के शव को एंबुलेंस से नीचे उतारा गया तो वहां उपस्थित सैकड़ो लोगो में शवों को देखकर कोहराम मच गया ।उक्त मृतकों की अंतिम यात्रा में कस्बे व क्षेत्र के सैकड़ो लोग शामिल हुए। इसी मोहल्ले के निवासी साठ वर्षीय मुल्की राज सैनी जो बीमार चल रहा था उसकी भी सोमवार रात्रि मौत हो गई थी। शमशान घाट में एक ही कतार में चार चिताए जलने से वहां उपस्थित सैकड़ो की संख्या में कस्बे व क्षेत्रवासी रो पड़े।मृतक सचिन की 6 वर्षीय बेटी भी है जो झबरेड़ा में ही अपनी दादी व अन्य परिजनों के साथ रहती थी ।मृतक सचिन अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सभी परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। 6 वर्षीय बेटी तनु बार-बार अपनी मां पापा व भाई से मिलने की जिद कर रही थी। बेटी को यह कहकर बहलाया जा रहा था कि उसकी मां पापा तथा भाई डॉक्टर के यहां दवाई लेने के लिए गए हुए है। बेटी को क्या पता कि अब वह दुनिया में बिना मां-बाप व भाई के रह गई है। मृतक नेहा गर्भवती भी थी।
