
झबरेड़ा, 22 फरवरी। झबरेड़ा-गुरुकुल मार्ग पर रविवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। कस्बे से कुछ ही दूरी पर स्थित रेलवे अंडरपास के निकट प्लास्टिक दानों की बोरियों से भरा एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया। गनीमत यह रही कि ट्रक चालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली।

कोहरे के कारण हुए हादसे के बारे में ट्रक चालक मोनू सिंह निवासी एटा, उत्तर प्रदेश ने बताया कि वह रविवार सुबह करीब 7:00 बजे फरीदाबाद से प्लास्टिक दानों की बोरियां लेकर भगवानपुर स्थित एक फैक्ट्री जा रहा था। सुबह घना कोहरा होने के कारण सड़क पर देखने में कठिनाई हो रही थी। चालक ने बताया कि उस समय ट्रक की गति 40 किमी/घंटा से भी कम थी। रेलवे अंडरपास के पास अचानक वह पोल सामने आ गया, जिससे ट्रक का अगला पहिया जोर से टकराया और फट गया। टायर फटते ही ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर ही पलट गया। जैसे ही ट्रक का टायर फटा और गाड़ी पलटने लगी, मैंने तुरंत खिड़की खोलकर नीचे छलांग लगा दी। इस वजह से मुझे कोई चोट नहीं आई। ट्रक पलटने से सड़क पर बोरियां बिखर गईं, जिससे मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।




