झबरेड़ा 23 मार्च। एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार तीन युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से भागने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव की निवासी तीन युवतियां एक ही स्कूटी पर सवार होकर कुछ सामान लेने झबरेड़ा बाजार आई थीं। दोपहर में जब वे वापस अपने घर लौट रही थीं, तभी ग्राम कुशालीपुर के समीप पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान कार स्कूटी से टकरा गई, जिससे तीनों युवतियां सड़क पर गिरकर चोटिल हो गईं। हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत युवतियों के परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को इलाज के लिए रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में एक युवती के हाथ में फ्रैक्चर आया है, जबकि अन्य दो को भी काफी चोटें लगी हैं।





