झबरेड़ा 19 मार्च। कस्बा झबरेड़ा और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में चैत्रीय नवरात्र का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ शुरू हुआ। नवरात्रि के प्रथम दिन भक्तों ने माँ भगवती के प्रथम स्वरूप माँ शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने घरों में कलश स्थापना की।

चैत्रीय नवरात्र के शुभारंभ को लेकर क्षेत्र के मंदिरों में विशेष तैयारियाँ की गई थीं। मंदिरों की साफ-सफाई के बाद उन्हें भव्य रूप से सजाया गया। गुरुवार तड़के से ही कस्बा झबरेडा के प्राचीन नंदा वाला बाग मंदिर स्थित भगवान शिव और माता भगवती के दरबार में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। भक्तों ने मंदिर में माथा टेका और क्षेत्र की खुशहाली के लिए अखंड ज्योत प्रज्वलित की। मंदिरों में दर्शन और पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में शुभ मुहूर्त में घट स्थापना की। प्रथम देवी माँ शैलपुत्री का आह्वान करते हुए भक्तों ने व्रत का संकल्प लिया और सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। पूरे क्षेत्र में सुबह से ही घंटों और शंख की ध्वनि के साथ माता के भजनों की गूँज सुनाई दी, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।





