Oplus_16908288
झबरेड़ा 6 अप्रैल। कस्बे में स्थित गैस एजेंसी कार्यालय पर सोमवार को गैस सिलेंडर लेने वाले उपभोक्ताओं की भीड़ हो गई घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद अधिकांश लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा, जिसके बाद उपभोक्ताओं ने एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ जमकर रोष व्यक्त किया।

गैस एजेंसी पर पहुंचे उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने 26 मार्च को ही अपने गैस सिलेंडर बुक करा दिए थे। लेकिन 12 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें गैस की डिलीवरी नहीं दी गई है। सिलेंडर लेने आए उपभोक्ता राशिद अली, मुस्तफा, जयवीर, मुकेश कुमार, राजेश, बाबूराम, विक्रम सिंह, शरीफ अहमद और इंदिरा आदि ने बताया हम कई दिनों से लगातार गैस एजेंसी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। हर बार सिर्फ आश्वासन देकर लौटा दिया जाता है। घरों में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है, लेकिन हमारी समस्या सुनने वाला कोई नहीं है। झबरेड़ा स्थित इस इण्डियन गैस एजेंसी पर कस्बे समेत आसपास के दर्जनों ग्राम भक्तोंवाली, शीतलपुर, खड़खड़ी,लोदीवाला, साबतवाली,खजूरी,डेलना,कोटवाल आलमपुर, कुशालीपुर, लाठरदेवा हुण और सढ़ोली की विशाल आबादी निर्भर है। इन सभी ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर लगभग 50,000 की आबादी इसी एकमात्र गैस एजेंसी से जुड़ी हुई है। मामले की गंभीरता और लोगों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नोडल अधिकारी हर्षवर्धन रावत का कहना है कि गैस सिलेंडर बुक होने के 12 दिन बाद भी उपभोक्ताओं को न मिलना एक गंभीर विषय है। इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जाएगी कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कहां और क्यों हो रही है।





