झबरेड़ा 25 मार्च। थाना क्षेत्र अंतर्गत दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कस्बे की एक दुकान पर हुए इस हमले में दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे के खिलाफ क्रास मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर खेलमऊ निवासी पहले पक्ष के अभिषेक कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 मार्च की शाम करीब 7 बजे वह अपनी दुकान पर अपने पिता और चचेरे भाई गौरव के साथ खड़ा था। इसी दौरान विकास और आकाश लाठी-डंडों से लैस होकर आए और उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अभिषेक के पिता नरेश कुमार को भी पीटा गया और आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। वहीं, दूसरे पक्ष के मैनपाल सिंह निवासी नई मंडी, झबरेड़ा ने आरोप लगाया कि उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे उनकी पत्नी गीता और बेटा विकास अपनी दुकान पर बैठे थे। पड़ोसी नरेश कुमार, गौरव, अभिषेक और शुभम ने वहां आकर बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितो ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके बेटे विकास की पीठ पर गंभीर चोटें आईं। शोर मचने पर आसपास के दुकानदारों को आता देख आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। दोनों ही पक्ष 24 मार्च को थाने पहुंचे, जहाँ पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी अजय शाह का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से मारपीट और धमकी के आरोप लगाए गए हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।





