Oplus_16908288
झबरेड़ा 26 मार्च। झबरेड़ा रेलवे स्टेशन पर उस समय सनसनी फैल गई जब दो सरकारी कर्मचारियों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो गई। स्टेशन मास्टर और रेलवे इलेक्ट्रिशियन के बीच हुआ यह झगड़ा ‘बिजली चोरी’ के गंभीर आरोप को लेकर शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम लगभग 7:00 बजे स्टेशन मास्टर आदित्य भारद्वाज और रेलवे में ही कार्यरत इलेक्ट्रिशियन जय कुमार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद का मुख्य कारण बिजली की चोरी बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। स्टेशन परिसर में दो जिम्मेदार सरकारी कर्मचारियों को इस तरह आपस में भिड़ते देख वहां मौजूद लोगों और अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। चूंकि मामला रेलवे परिसर का है और दोनों ही पक्ष रेलवे विभाग के कर्मचारी हैं, इसलिए सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और मौके पर मौजूद गवाहों के आधार पर घटना की कड़ियाँ जोड़ी जा रही हैं। एक ही विभाग के दो पदों पर बैठे व्यक्तियों के बीच सरेआम हुए इस झगड़े ने रेलवे प्रशासन की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बिजली चोरी जैसे गंभीर आरोप ने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है।रेलवे पुलिस द्वारा मामले की तफ्तीश जारी है।





