झबरेड़ा 22 जनवरी। थाना क्षेत्र में खनन करने वालों के हौसला इतना बुलंद है कि डंपर व ट्रैक्टर ट्राली चलने से खेत के रास्ते खराब होने पर दो किसान सगे भाइयों द्वारा गुरुवार को उनका विरोध किया तो खनन कर रहे लोगों द्वारा दोनों सगे भाइयों को मारपीट कर घायल कर दिया।

झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव लाठरदेवा शेख के लोगों का कहना है कि डंपर व ट्रैक्टर ट्रालियों द्वारा दिन-रात खनन किया जा रहा है। मिट्टी से भरे ट्रैक्टर ट्राली व डंपर चलने से खेतों में जाने के रास्ते खराब हो गए हैं। वही गांव की सड़कों पर मिट्टी गिरने से धूल उड़ने से सड़कों से होकर चलना दूभर हो गया है और दुर्घटना का कारण भी बना रहे हैं गुरुवार को गांव के ही दो सगे भाई लियाकत और परवेज किसान अपने खेतों में गए तो खेत में जाने का रास्ता काफी खराब होने पर उन्होंने वहां से जा रहे डंपर व ट्रैक्टर ट्राली चालको का विरोध किया। विरोध करने पर खनन कर रहे लोगों द्वारा दोनों भाइयों को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। थानाध्यक्ष अजय शाह का कहना है कि घायलों को इलाज के लिए डॉक्टर के यहां भेजा गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।





