
झबरेड़ा 28 मार्च। ऊर्जा निगम द्वारा क्षेत्र में चलाए जा रहे बकाया वसूली अभियान के दौरान एक ग्रामीण द्वारा सरकारी कार्य में बाधा डालने और टीम के साथ अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने विभाग के अवर अभियंता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बेहडेकी सैदाबाद स्थित विद्युत उप-संस्थान में तैनात अवर अभियंता जममल सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि ग्राम खाताखेड़ी निवासी रिजवान अहमद पर लगभग 31,000 का विद्युत बिल बकाया है। विभाग द्वारा बार-बार सूचना दिए जाने के बाद भी बिल जमा न होने पर, टीम शुक्रवार को उपभोक्ता के घर पहुंची और नियमनुसार विद्युत मीटर उतारकर कनेक्शन काट दिया। तहरीर के अनुसार, कार्रवाई के दौरान रिजवान अहमद वहां पहुंचा और उसने टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अवर अभियंता पर जानलेवा हमला करने का प्रयास भी किया। विभागीय कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर अवर अभियंता को वहां से सुरक्षित निकाला और पास में लगे विभागीय कैंप तक पहुंचाया। थाना अध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि ऊर्जा निगम अधिकारी की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दूसरी ओर, आरोपित रिजवान अहमद ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि अवर अभियंता द्वारा उसे परेशान किया जा रहा है और मारपीट या गाली-गलौज जैसी कोई घटना नहीं हुई है। ऊर्जा निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिलों का भुगतान करें ताकि किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके और विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से चलती रहे।




