झबरेड़ा 19 फरवरी। बुधवार की शाम चांद का दीदार होते ही बरकतों का पाक महीना शुरू हो गया। गुरुवार को पाक महीने की शुरुआत होते ही रमजान माह के पहले दिन कस्बा व क्षेत्र में मस्जिदों में मुस्लिम भाइयों द्वारा नमाज अदा की गई और पहला रोजा रखा गया।

कस्बे के मुख्य बाजार के पास स्थित मदरसा में रमजान माह के शुरू होने पर रमजान के पहले दिन मौलवी कारी इस्तकार द्वारा नमाज अदा कराई गई। मौलवी ने बताया कि मुस्लिम समाज को 11 महीने इस पाक महीने का बेसब्री से इंतजार रहता है। रमजान माह अल्लाह की इबादत का महीना है ।यह महीना अल्लाह की ओर से मुस्लिम समाज के लिए अनमोल तोहफा होता है। यह महीना हमें सीख देता है कि नेकी पर चले तथा गरीब व भूखे लोगों की मदद करें। उन्होंने बताया कि तड़के शहरी में उठकर अजान से पहले कुछ खाना खा सकते हैं उसके बाद रोजे की नियत करें। पूरे दिन अल्लाह को याद रख उसकी इबादत करें। शाम को शाम की अजान होने पर ही रोजा इफ्तार करें। उसके बाद मगरिब की नमाज अदा करें। रमजान के इस पाक महीने में इस बार 5 जुमा की नमाज अदा की जाएगी। पहला जुमा 20 फरवरी को होगा। रमजान माह के पहले दिन मस्जिदों में काफी संख्या में मुस्लिम भाइयों द्वारा नमाज अदा की गई।





