झबरेड़ा 7 फरवरी। थाना क्षेत्र के गांव में पुरानी रँजिश के चलते भतीजे द्वारा चाचा पर धारदार हथियार पाठल से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया ।घायल की मां द्वारा थाने में तहरीर देकर हमला करने वाले आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं पुलिस ने भी आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
ग्राम शेरपुर खेलमऊ निवासी शांति देवी द्वारा थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव का ही अभिषेक उसके पुत्र अनुज से किसी बात को लेकर रंजीश रखता है। गुरुवार को उसका पुत्र घर पर ही मकान की छत से सीडीओ से होता हुआ नीचे उतर रहा था। उसी समय अभिषेक द्वारा उस पर धारदार हथियार पाठल से जान से मारने की नियत से हमला कर दिया ।पाठक से तब तक हमला करता रहा जब तक वह बेहोश होकर नीचे नहीं गिर गया। शोर मचाने पर गांव वाले वहां आ गए। गांव वालों को आता देख उक्त हमलावर गालियां देता हुआ तथा बाद में जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग गया। घायल को इलाज के लिए रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां अभी भी उसकी हालत गंभीर बताई गई है। थानाध्यक्ष अजय शाह का कहना है कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा शुक्रवार रात्रि आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया। शनिवार को आरोपित का चालान कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने आरोपित के पास से हमला करने वाला धारीदार हथियार पाठल भी बरामद कर ली गई है।
