
झबरेडा 15 जनवरी। उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच हरिद्वार जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मौसम विभाग द्वारा जारी ‘ऑरेंज अलर्ट’ और भीषण शीतलहर की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अवकाश को निरंतर रखते हुए जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में कल, 16 जनवरी (शुक्रवार) को अवकाश घोषित कर दिया है।इस आदेश के तहत हरिद्वार जिले के सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त स्कूल (नर्सरी से कक्षा 12 तक) और सभी आंगनबाड़ी केंद्र स्कूल प्रबंधन चाहें तो छात्रहित में ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई जारी रख सकते हैं।आदेश में कहा गया है कि पूर्व निर्धारित बोर्ड प्रयोगात्मक (Practicals) और प्री-बोर्ड परीक्षाएं अपने तय शेड्यूल के अनुसार ही संचालित होंगी। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि यदि कोई भी स्कूल इस आदेश का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ ‘आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005’ के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।मौसम विभाग के अनुसार, कल हरिद्वार के अधिकांश हिस्सों में ‘बेहद घना कोहरा’ और ‘शीत दिवस’ (Cold Day) की स्थिति बनी रहेगी। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ने छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के दृष्टिगत यह कदम उठाया है।
