Oplus_16908288
झबरेड़ा 25 जनवरी। झबरेड़ा लखनौता मार्ग ग्राम कोटवाल आलमपुर के पास रविवार दोपहर गन्ने की खोई से भरी ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर बाइक से होने पर बाइक सवार एक पचास वर्षीय महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उसी बाइक पर सवार महिला का बेटा व बेटी दोनों को मामूली चोट आई है।ग्राम वासियों द्वारा मृतक महिला के शव को सड़क के बीच में रखकर 3 घंटे तक जाम लगाए रखा। पुलिस द्वारा काफी समझाने के बाद जाम खोला गया तथा मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल हॉस्पिटल भेजा गया।
मंगलौर कोतवाली के गांव बड़ी नारसन निवासी 50 वर्षीय महिला बालेश्वरी देवी अपने पुत्र कृष्ण व बेटी के साथ बाइक से झबरेड़ा आ रहे थे ।उसी समय ग्राम कोटवाल आलमपुर के पास गन्ने की खोई से भरी ट्रैक्टर ट्राली की बाइक में टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनो माँ बेटा व बेटी सड़क पर गिर गए। सड़क पर गिरते ही 50 वर्षीय महिला बालेश्वरी देवी के सिर के ऊपर से ट्रैक्टर ट्राली का पहिया उतर गया जिससे उसकी मौके पर ही कुछ देर बाद दर्दनाक मौत हो गई । उसी बाइक पर सवार महिला के बेटे व बेटी को मामूली चोट आई है। बाइक की टक्कर लगने से महिला की मौत होते ही ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर ट्राली को घटना स्थल पर ही छोड़कर भाग गया। उक्त घटना की जानकारी ग्राम वासियों को होते ही सैकड़ो की संख्या में ग्रामीणों द्वारा महिला के शव को सड़क के बीच में रखकर जाम लगा दिया तथा महिला के परिजनों को सूचना दी गई कुछ देर बाद मृतक महिला के परीजन भी घटनास्थल पर आ गए। पुलिस द्वारा काफी समझाने के बाद महिला के शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की स्थित सिविल अस्पताल में ले जाया गया। उसके बाद सड़क पर लगा जाम खुल सका। थानाध्यक्ष अजय शाह का कहना है कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तहरीर आने पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा कर लिया गया है।
