झबरेड़ा 12 मार्च। थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में महिला का बेटा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी बाइक सवार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।झबरेडा थाना के गांव बेहडेकी सैदाबाद निवासी ब्रजमोहन त्यागी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 13 फरवरी 2026 की शाम करीब 4:30 बजे उनका भतीजा अभिमन्यु अपनी माता बबीता को मोटरसाइकिल पर सवार होकर रुड़की से गांव लौट रहा था। जैसे ही वे गांव की गली में मुड़ने वाले थे, अभिमन्यु ने सड़क किनारे बाइक रोकी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य मोटरसाइकिल सवार शौकीन, निवासी बचीटी देवबंद, उत्तर प्रदेश ने लापरवाही से चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बबीता के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि अभिमन्यु के हाथ-पैर की हड्डियां टूट गईं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायलों को तुरंत रुड़की के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने बबीता की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें देहरादून रेफर कर दिया था वहां श्री महंत इन्द्रेश अस्पताल में 10 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद 22 फरवरी को मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि पहले घायलों के उपचार और फिर बबीता की मृत्यु के बाद परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ था, जिस कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। थाना अध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि पुलिस ने ब्रजमोहन त्यागी की तहरीर पर आरोपी शौकीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।






