
झबरेड़ा 11 अप्रैल। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ससुराल पक्ष की प्रताड़ना और मारपीट से परेशान होकर एक युवक द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी, ससुर और साले सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र के ग्राम नियामतपुर निवासी चन्द्रपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र रविकान्त की शादी करीब दो वर्ष पूर्व मुजफ्फरनगर के ग्राम रण्डावली निवासी रचना के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही रचना के मायके वाले उनके वैवाहिक जीवन में अत्यधिक हस्तक्षेप करते थे, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर तनाव रहता था। बीती 31 मार्च को पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद रचना ने अपने परिजनों को बुला लिया और उसी रात रचना के पिता लालसिंह, भाई अंशुल और चाचा नरेश व धर्मपाल गाड़ी भरकर उनके घर पहुंचे। उन्होंने घर में घुसकर गाली-गलौज की और चन्द्रपाल, उनकी पत्नी व पुत्री के साथ मारपीट की। जाते समय वे घर से सोने-चांदी के जेवरात, 45 हजार रुपये नकद, बुलेट की चाबी और रविकान्त के डेढ़ वर्षीय पुत्र वरदान को भी साथ ले गए। पीड़ित पिता का कहना है कि पुलिस चौकी मकबरा देवबंद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, जिसके बाद पत्नी रचना ने रविकान्त को फोन कर घर बुलाया। 6 अप्रैल को जब रविकान्त अपनी पत्नी और बच्चे को लेने ससुराल गया, तो वहां उसके साथ पुनः मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकी दी गई। ससुराल में हुई इस घटना से रविकान्त मानसिक रूप से टूट गया और उसने जहरीला पदार्थ गटक लिया। 8 अप्रैल को परिजनों को सूचना मिली कि रविकान्त का शव लखनौता चौराहा के पास नाले में पड़ा है। पिता चन्द्रपाल की तहरीर पर झबरेड़ा पुलिस ने आरोपित पत्नी रचना, ससुर लालसिंह, भाई अंशुल और चाचा नरेश व धर्मपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।





