
झबरेड़ा 8 मार्च। थाना क्षेत्र के गांव में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों और चारपाई को हटाने की बात पर एक ही परिवार के कई लोगों ने मिलकर एक ग्रामीण और उनके बच्चों पर लाठी-डंडों व तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया।

झबरेडा थाना क्षेत्र के गांव लाठरदेवा शेख निवासी मुकर्रम अली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे गांव के ही सेबान, तसलिम, तजम्मूल, ताजीम और जैद ने एक राय होकर उन पर हमला बोल दिया। बताया कि विवाद की शुरुआत सड़क पर खड़ी मोटरसाइकिल और चारपाई को किनारे करने को लेकर हुई थी। आरोप है कि इसी बात से आक्रोशित होकर उक्त आरोपितो ने लाठी-डंडे और धारदार तलवारों से मुझे और मेरे पुत्र उजैफ और पुत्री आसीफा को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित का कहना है कि हमलावर मारपीट और गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपितो ने पीड़ित परिवार को सरेआम धमकी दी कि यदि वे दोबारा रास्ते में दिखे, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है तथा कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।




