Oplus_16908288

रुड़की 4 अप्रैल। ग्रीनवे मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर पूर्व प्राथमिक एवं प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए एक ‘ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य माला चौहान एवं मुख्य अतिथि व पैरेंटिंग स्किल्स एक्सपर्ट पालन-पोषण विशेषज्ञ मोहन तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ।

शनिवार को रुड़की स्थित ग्रीनवे मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं, विद्यालय के शिक्षक वर्ग ने भी विद्यार्थियों के साथ सामंजस्य बिठाते हुए एक उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में पहुंचे अभिभावकों के उत्साहवर्धन के लिए विद्यालय की शिक्षिकाओं द्वारा विभिन्न मनोरंजक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या माला चौहान ने कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्पष्ट किया। उन्होंने अभिभावकों को विद्यालय की नीतियों, शैक्षणिक ढांचे, पाठ्येतर गतिविधियों और सुरक्षा उपायों से विस्तारपूर्वक परिचित कराया। उन्होंने कहा यह सत्र अभिभावकों और शिक्षकों के बीच एक मजबूत साझेदारी बनाने में मदद करेगा, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रधानाचार्या ने विद्यालय की अनुशासन प्रणाली और नियमों पर जोर देते हुए कहा कि विद्यालय की पहली प्राथमिकता अनुशासन है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए एक स्तरीय शिक्षा प्रदान करना है, ताकि उन्हें एक मजबूत आधारशिला मिल सके। उन्होंने बताया कि विगत वर्षों का उत्कृष्ट व शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम तथा बच्चों का चहुंमुखी विकास संस्था के इन्हीं प्रयासों का प्रत्यक्ष उदाहरण है। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या ने नए सत्र में प्रवेश लेने वाले सभी आगंतुकों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय की समन्वयिका मुक्ता जैन, निकिता, मेघा सिंघल सहित शिक्षिकाओं में सोनिया भाटिया, सुप्रिया, नेहा कालरा, पल्लवी कुकरेती, मेघा शर्मा, मनिंदर, विशाखा, वैष्णवी, ममता वर्मा, प्रीति तनेजा, हर्षिता, सीमा बिष्ट एवं समस्त शिक्षक वर्ग मौजूद रहा।




