झबरेड़ा 28 मार्च। कस्बे की वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार शाम कार हटाने को लेकर उपजे मामूली विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब एक युवक ने सरेआम पिस्टल से आसानी तीन राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाया है।

रुड़की की सिंचाई विभाग कॉलोनी निवासी गौरव कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शुक्रवार को वाल्मीकि बस्ती में अपनी रिश्तेदारी में भात नौतने में आया हुआ था। देर शाम कस्बे का ही निवासी शिवांश कुमार अपनी कार लेकर वहां पहुँचा और गौरव से उसकी कार साइड हटाने को कहा। कार हटाने में हुई मामूली देरी से नाराज होकर शिवांश पहले वहां से चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह वापस लौटा और अपनी पिस्टल से लगातार तीन आसमानी फायर झोंक दिए। गनीमत रही कि गौरव इस हमले में बाल-बाल बच गया। अचानक हुई फायरिंग की आवाज़ से पूरी बस्ती में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित अपनी कार सहित मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपित शिवांश के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित ने ‘महकमा गैंग’ नाम से एक समूह बनाया हुआ है, जो क्षेत्र में सक्रिय है।कस्बे या क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी और दबंगई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हम इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि ‘महकमा गैंग’ में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस त्वरित प्रतिक्रिया और गैंग संस्कृति के खिलाफ सख्त रुख की सराहना की है।





