Oplus_19005440

झबरेड़ा 30 मार्च। कस्बे में स्थित इंडेन गैस एजेंसी कार्यालय के बाहर गैस सिलेंडर लेने वाले उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को भी सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुषों की अलग-अलग लंबी लाइनें लगी रहीं, जो देर शाम तक जारी रहीं। आलम यह है कि कई घंटों तक कतार में खड़े रहने के बाद भी कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ ही घर वापस लौटना पड़ रहा है।

बता दें कि कस्बा झबरेड़ा में मात्र एक ही गैस एजेंसी है। इस एजेंसी पर कस्बे के अलावा आसपास के दर्जनों गांव और इकबालपुर क्षेत्र भी निर्भर है। लगभग 50,000 से अधिक की विशाल आबादी को इसी एक एजेंसी से गैस सिलेंडरों की सप्लाई दी जाती है, जिसके चलते पिछले कई दिनों से यहां भारी भीड़ जुट रही है। गैस एजेंसी का कार्यालय सुबह 9:00 बजे खुलता है, लेकिन लोग सुबह 7:00 बजे से ही अपनी जगह घेरने के लिए लाइन में लग जाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आए डॉ. राजू सिंह, बिट्टू चौधरी, नीरज कुमार, बिरम सिंह, सुलेमान मलिक, जयवीर, बाबूराम और रहमान आदि ने बताया कि वे सुबह से ही लाइन में लगे हुए हैं। घर और खेत के जरूरी काम छोड़कर लगभग 5 घंटे तक कतार में खड़े रहने के बाद ही उन्हें सिलेंडर मिल पाया। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि गैस की किल्लत और इस भारी भीड़ को देखते हुए उन्होंने अपने घरों में लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना शुरू कर दिया है। लेकिन इमरजेंसी के लिए सिलेंडर होना भी जरूरी है। वहीं, कुछ उपभोक्ताओं का कहना था कि वे तीन दिन पहले भी आए थे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद जब नंबर आया तो गैस समाप्त हो गई थी। आज दो दिन के इंतजार के बाद उन्हें सिलेंडर नसीब हो सका। इस पूरे मामले पर गैस एजेंसी के नोडल अधिकारी हर्षवर्धन रावत का कहना है कि एजेंसी पर गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक है और किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद भी उपभोक्ताओं के बीच किसी बात को लेकर पैनिक है, जिससे कार्यालय पर लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है।




