Oplus_16908288
झबरेड़ा 26 मार्च। कस्बा झबरेड़ा में गुरुवार को श्री रामनवमी का पर्व सनातन समिति के तत्वाधान में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। दोपहर बाद कस्बे में निकाली गई भव्य शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें गाजे-बाजे और मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

गुरुवार को श्री रामनवमी शोभायात्रा का आगाज स्थानीय वैश्य अग्रवाल धर्मशाला में विधि-विधान से हवन-यज्ञ और पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात भगवान श्री राम की आरती उतारकर रथ को रवाना किया गया। शोभायात्रा वैश्य अग्रवाल धर्मशाला से शुरू होकर कस्बे के विभिन्न मार्गों पुराना बाजार,मोहल्ला घेर,मुख्य बाजार,अमर जवान चौक,मोहल्ला नई मंडी,भगवान शिव चौक,रविदास मंदिर,मोहल्ला हरि जनान,मोहल्ला छावनी अंत में यात्रा पुनः वैश्य अग्रवाल धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में कस्बेवासियों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलजीरा, चाय और नाश्ते के स्टॉल लगाकर सेवा की गई। शोभायात्रा में सुसज्जित घोड़ा-बग्गी पर भगवान श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण जी विराजमान थे। इनके साथ ही भगवान शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण,देशभक्ति का संदेश देती ‘भारत माता’,शक्ति का प्रतीक माँ दुर्गा का स्वरूप की जीवंत झांकियां शोभायमान रही वहीं बैंड-बाजों की भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु थिरकते नजर आए। भीड़ और उत्साह को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थानाध्यक्ष अजय शाह ने स्वयं पुलिस बल के साथ कमान संभाली हुई थी ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। इस आयोजन में कस्बे के गणमान्य व्यक्तियों के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में रामभक्त शामिल हुए।





