Oplus_16908288

झबरेडा 12 अप्रैल। कस्बा झबरेड़ा के मानकपुर चौक इकबालपुर मार्ग पर रविवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और संविधान पुस्तक का भव्य अनावरण किया गया। हालांकि, यह गौरवशाली पल राजनीतिक खींचतान और आपसी बयानबाजी की भेंट चढ़ता नजर आया। जहाँ एक ओर विधायक वीरेंद्र जाति ने इसे क्षेत्रीय जनता की जीत बताया, वहीं अन्य दलों के नेताओं ने प्रतिमा के स्वरूप और बजट को लेकर सवाल खड़े कर दिए।


कार्यक्रम की शुरुआत से पहले ही राजनीतिक गहमागहमी देखने को मिली। कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति द्वारा किए जाने वाले आधिकारिक अनावरण से पूर्व ही पूर्व विधायक और दर्जाधारी देशराज कर्णवाल अपनी पत्नी वैजयंती माला के साथ अंबेडकर चौक पहुंचे। उन्होंने प्रतिमा को स्पर्श कर प्रणाम किया और दावा किया कि इस मूर्ति स्थापना की घोषणा उनके कार्यकाल में मुख्यमंत्री द्वारा की गई थी। और वह इस प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री से कराते परंतु अब पता नहीं किन कारणों से इसका अनावरण क्षेत्रीय विधायक कर रहे हैं। वही प्रतिमा के शिलापट पर अंबेडकर चौक अंकित नहीं है। और यह कार्य विधायक द्वारा नहीं कराया गया नगर पंचायत झबरेडा द्वारा कराया गया है।


अनावरण समारोह के बाद आजाद समाज पार्टी के आगामी विधानसभा प्रत्याशी महक सिंह ने भी बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। हालांकि, उन्होंने इस दौरान तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह आरटीआई (RTI) के माध्यम से चौक के निर्माण पर आए खर्च का विवरण मांगेंगे। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा उम्मीद से छोटी लगाई गई है, जो उनके कद के अनुरूप नहीं है। समारोह के दौरान चौक की दीवार पर चौधरी चरण सिंह मार्ग की नेम प्लेट लगाने को लेकर भी कुछ पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। माहौल बिगड़ता देख क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र जाती ने मोर्चा संभाला और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। मौके पर मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक वीरेंद्र जाति ने कहा कि यह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा थी, जिसे पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने शुरू कराया था, लेकिन कई तकनीकी और विभागीय बाधाओं के कारण वह इसे पूर्ण नहीं कर पाए थे। हमने नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी के सहयोग और शासन-प्रशासन में लगातार दौड़-भाग कर इस कार्य को पूरा कराया है। स्थानीय लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए अंबेडकर चौक की यह सौगात दी गई है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे बाबा साहब के पदचिह्नों पर चलें और क्षेत्र का नाम रोशन करें।समारोह के दौरान बाबा साहब के जीवन और संविधान के योगदान को भी याद किया गया। इस मौके पर सुशील पाटिल, प्रमोद महाजन, नीरज सिंह, रविकांत, कार्तिक, गोल्डी ,रविंद्र सैनी ,सुलेमान मलिक, गौरव वर्मा, अजय, रिजवान, अनस आदि मौजूद रहे।




