
झबरेड़ा 10 अप्रैल। उत्तराखंड में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को उत्तर प्रदेश निर्मित देशी शराब के 45 टेट्रा पैक के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को हेड कांस्टेबल रामवीर सिंह और कांस्टेबल नसीबुद्दीन क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि मोलना गेट के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक के थैले में अवैध शराब लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोलना चौराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख आरोपित घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपित के पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के थैले से ‘महबूबा मसाला’ मार्का उत्तर प्रदेश निर्मित के 45 पव्वे टेट्रा पैक बरामद हुए। पकड़े गए आरोपित ने अपना नाम बृजपाल उर्फ काला निवासी ग्राम मोलना, थाना झबरेड़ा बताया। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने बरामद शराब को सील कर दिया है और आरोपित को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




