
झबरेड़ा 29 मार्च। झबरेड़ा पुलिस ने क्षेत्र में दहशत फैलाने और फायरिंग करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 27 मार्च को गौरव पुत्र ऋषिपाल, निवासी कस्बा व थाना झबरेड़ा ने पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि मोहल्ला छावनी निवासी शिवांश ने वादी और उसके घर आए मेहमानों के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उन पर जानलेवा नीयत से फायर भी किया। शिकायत पर झबरेड़ा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित शिवांश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपित की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी बीच 28 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झबरेड़ी कला बाईपास से आरोपित शिवांश को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद अवैध तमंचा 315 बोर एक खोखा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। इस दौरान पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक जय सिंह, कांस्टेबल मुकेश तोमर और कांस्टेबल रणवीर सिंह की अहम भूमिका रही।




