
झबरेड़ा 12 मार्च। पुलिस ने मंगलौर-झबरेड़ी मार्ग से एक 22 वर्षीय युवक को अवैध देशी तमंचे के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

झबरेडा थाना अध्यक्ष अजय शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 मार्च की रात उप-निरीक्षक रविन्द्र सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर थे। इसी दौरान मंगलौर रोड पर एक मुखबिर ने सूचना दी कि झबरेड़ी तिराहे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा है, जिसके पास अवैध हथियार है। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां खड़ा युवक घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए आरोपित की पहचान अक्षय निवासी ग्राम झबरेड़ी, थाना झबरेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में आरोपित के पास से एक अदद देशी तमंचा .315 बोर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह तमंचा शौक के तौर पर किसी से लिया था। पुलिस ने आरोपित अक्षय के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपित ने यह हथियार किससे खरीदा था और क्या इसका इस्तेमाल किसी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था।




