Oplus_16908288

झबरेड़ा 28 मार्च। कस्बे की वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार शाम हुई फायरिंग की घटना के विरोध में शनिवार सुबह पर्यावरण मित्र सफाई कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर अपना विरोध दर्ज कराया। हालांकि, पूर्व राज्य मंत्री और पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप व आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भरोसे के बाद सफाई व्यवस्था पुनः सुचारू हो सकी।मामला शुक्रवार देर शाम का है, जब रुड़की निवासी गौरव कुमार वाल्मीकि बस्ती में अपनी रिश्तेदारी में अपनी बुआ के यहां भात देने आए हुए थे। रास्ते में खड़ी गौरव की कार को हटाने को लेकर कस्बे के ही युवक शिवांश कुमार से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि मामूली देरी से आक्रोशित होकर शिवांश ने अपनी पिस्टल से लगातार तीन फायर कर दिए। घनी आबादी वाले क्षेत्र में सरेआम गोली चलने से मोहल्ले में भगदड़ मच गई और लोग दहशत में आ गए थे शनिवार सुबह इस घटना के विरोध में वाल्मीकि बस्ती के समस्त पर्यावरण मित्रों ने एकजुट होकर सफाई व्यवस्था ठप कर दी। सभी कर्मचारी नगर पंचायत परिसर में एकत्रित हुए और आरोपित की तुरंत गिरफ्तारी व सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर बैठक की। सफाई कार्य रुकने से कस्बे में व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व राज्य मंत्री व वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष पति डॉ. गौरव चौधरी और स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। डॉ. चौधरी ने भावुक अपील करते हुए पर्यावरण मित्रों से कहा आप सभी मेरे परिवार के सदस्य हैं। आपके मान-सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है। आपके सुख-दुख में मैं सदैव आपके साथ खड़ा हूँ और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने भी प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। ठोस आश्वासन मिलने के बाद सुबह लगभग 10:00 बजे पर्यावरण मित्र काम पर लौटे और कस्बे में सफाई व्यवस्था बहाल की।





