
झबरेडा 9 अप्रैल। लखनोता चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मंगलौर मार्ग पर बुधवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक खेत में पेड़ के नीचे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान रविकांत उम्र लगभग 30 वर्ष पुत्र चंद्रपाल, निवासी ग्राम नियामतपुर, थाना देवबंद उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को मृतक के पास से उसकी बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई है। साथ ही शव के पास एक बीयर की बोतल और सल्फास के कुछ पाउच भी पड़े मिले हैं। इन साक्ष्यों को देखकर पुलिस का अनुमान है कि युवक ने सल्फास का सेवन कर आत्महत्या की है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के अनुसार, शुरुआती पूछताछ और परिस्थितियों से यह संकेत मिल रहे हैं कि मृतक पिछले कुछ समय से पारिवारिक कलह के कारण मानसिक तनाव में था। माना जा रहा है कि इसी विवाद के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल, रुड़की भिजवा दिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।




