झबरेड़ा 26 मार्च। चैत्र नवरात्र के आठवें दिन कस्बा व क्षेत्र में माता महागौरी के अवसर पर घरों और मंदिरों में सुबह से ही मंत्रोच्चारण और हवन-पूजन के साथ महाअष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

गुरुवार सुबह कस्बा झबरेडा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्तों ने माता रानी के आठवें स्वरूप ‘महागौरी’ की विधिवत पूजा-अर्चना की। कई परिवारों ने सामूहिक रूप से हवन यज्ञ का आयोजन किया, जिसमें आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की गई। शंख और घंटों की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। अष्टमी के अवसर पर कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है। भक्तों ने कन्याओं के पैर धोकर उन्हें माता का रूप मानते हुए हलवा, पूरी और खीर का प्रसाद ग्रहण कराया। दक्षिणा और उपहार भेंट कर कन्याओं का आशीर्वाद लिया गया। हालांकि, कस्बे में एक ही समय पर कई जगहों पर पूजन होने के कारण भक्तों को सात कन्याएं एक साथ एकत्रित करने में काफी भाग-दौड़ और मशक्कत करनी पड़ी। अष्टमी पूजन के साथ ही कई श्रद्धालुओं ने अपने नौ दिनों के कठिन व्रत का पारण किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी माता के जयकारों की गूँज रही और देर शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।





