Oplus_16908288
झबरेडा 31 मार्च। कस्बा स्थित स्कूल में वार्षिक पेरेंट्स-टीचर मीटिंग और पुरस्कार वितरण समारोह का बेहद उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस दौरान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिसे देखकर अभिभावकों के चेहरे खिले नजर आए।मंगलवार को कस्बा झबरेडा स्थित एम्बिशन पब्लिक स्कूल में समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के प्रबंध निदेशक विश्वास सिंह पंवार ने सभी छात्र-छात्राओं को अपने आशीर्वचन दिए। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह कड़ा परिश्रम करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के लिए उन्हें केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अन्य गतिविधियों और अनुशासन के आधार पर भी पुरस्कृत किया गया। बच्चों को निम्नलिखित मुख्य श्रेणियों में बेस्ट हैंडराइटिंग,बेस्ट डिसिप्लिन,बेस्ट अटेंडेंस स्टार परफॉर्मर और शाइनिंग स्टार पोटेंशियल स्टार दिए गए। कक्षा 1 से 5 में छात्र अथर्व रॉस ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए ‘एकेडमिक स्कॉलर’ और ‘सर्वाधिक उपस्थिति’ का दोहरा पुरस्कार अपने नाम किया। कक्षा 6 से 11 में लक्ष्य सैनी को उनकी शानदार पढ़ाई के लिए ‘एकेडमिक स्कॉलर’ के खिताब से नवाजा गया।कक्षा 8 में छात्रा यशस्वी को स्कूल में नियमित रहने के लिए ‘सर्वाधिक उपस्थिति’ का पुरस्कार मिला। विद्यालय निदेशक सोनम रॉस पंवार ने उपस्थित अभिभावकों से बेहद महत्वपूर्ण अपील की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चों का सही मार्गदर्शन करना बहुत जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से विशेष आग्रह किया कि वे बच्चों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से दूर रखें और उन्हें मैदानी खेलों व किताबों की तरफ प्रेरित करें।अंत में प्रधानाचार्या पूजा सत्संगी और विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।






