झबरेड़ा 1 अप्रैल। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाडली गेंदा गांव में एक विवाहिता को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के बीच जमकर लाठी-डंडे और सरिए चले। घटना में दोनों पक्षों के लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी जाटान मोहल्ला निवासी अब्दुल्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन गुलिस्ता का निकाह झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पाडली गेंदा निवासी इन्तसार के साथ हुआ था। आरोप है कि ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। 28 मार्च की शाम गुलिस्ता ने रोते हुए फोन कर मायके वालों को बताया कि उसके साथ मारपीट की गई है और उसे जान का खतरा है।सूचना मिलने पर जब अब्दुल्ला, उसके पिता फरमान और अन्य रिश्तेदार व मोहल्ले वाले पाडली गेंदा पहुंचे, तो वहां पहले से घात लगाए बैठे पति इन्तसार, ससुर ताहिर समेत कई नामजद और अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अब्दुल्ला का आरोप है कि सूचना देने पर पुलिस तो पहुंची, लेकिन आरोपितो ने उनके फोन छीन लिए और उन्हें एक कमरे में बंधक बना लिया। बाद में पुलिस ने उन्हें मुक्त कराया और आरोपितो ने पुलिस के सामने भी जान से मारने की धमकी दी। वहीं दूसरी ओर निवासी पाडली गेंदा ताहिर ने भी पुलिस को तहरीर देकर पुत्रवधु के मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। ताहिर का कहना है कि 28 मार्च की रात करीब 11 बजे बहु गुलिस्ता का भाई अब्दुल्ला, दीलनवाज, पिता फरमान और सास गुलशाना करीब 4 गाड़ियों में 20-25 अज्ञात लोगों को भरकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर लाठी, डंडों व सरियों से ताहिर, उसके बेटे इन्तसार, बेटी मुस्कान और पत्नी मुस्तफाई के साथ बेरहमी से मारपीट की। शोर मचने पर जब पड़ोसी कालू और इकबाल मौके पर पहुंचे, तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए गुलिस्ता को अपने साथ लेकर फरार हो गए। दोनों ही मामलों में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





