Oplus_16908288
झबरेड़ा 8 अप्रैल। नगर पंचायत झबरेड़ा में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और कस्बे को सुंदर बनाने के उद्देश्य से ‘स्वच्छता सप्ताह अभियान’ जोर-शोर से चलाया जा रहा है।

बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी और अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन रावत के नेतृत्व में निकाय कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों ने मिलकर कस्बे के विभिन्न हिस्सों में विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत सभी पर्यावरण मित्र पूरी निष्ठा के साथ कस्बे की साफ-सफाई में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि इस विशेष सप्ताह के दौरान पूरे कस्बे की स्वच्छता पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है ताकि आम जनमानस को एक स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिल सके।अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन रावत ने सफाई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कस्बे की हर छोटी-बड़ी गली और मोहल्ले में सुबह और शाम, दोनों समय सफाई की जा रही है। सड़कों पर झाड़ू लगाने के साथ ही कूड़े को तुरंत उठाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पीछे-पीछे चलती है, ताकि गंदगी जमा न हो। प्रत्येक सोमवार को कस्बे के प्रमुख चौराहों अमर जवान चौक,शिव चौक, झंडा चौक और किसान चौक की पानी से धुलाई कर उन्हें पूरी तरह स्वच्छ बनाया जा रहा है।इस अभियान के दौरान पर्यावरण मित्रों का उत्साहवर्धन करने के लिए अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन रावत के साथ तरुण कुमार, ओमपाल सिंह, जुल्फान अहमद, राजेंद्र सिंह और यमन अहमद सहित कई अन्य कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कस्बे के नागरिकों से भी अपील की है कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और इस स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।





