
झबरेड़ा 10 अप्रैल। थाना क्षेत्र के गांव में नाली बंद करने के मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद दबंगों ने एक घर में घुसकर परिवार के साथ जमकर मारपीट की। घटना में पीड़ित के पिता को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना झबरेडा की लखनौता चौकी के गांव लखनौता निवासी सागर ने थाने में दी तहरीर में बताया कि घटना 6 अप्रैल की है। उस समय वह घर पर मौजूद नहीं था। घर लौटने पर उसे उसकी भाभी निशा ने आपबीती सुनाई। बताया कि नाली बंद करने की बात को लेकर पड़ोसी संदीप और सोनू की उसके पिता रमेश पाल से कहासुनी हुई थी। उस वक्त घर वालों के समझाने पर आरोपित वहां से चले गए थे। परन्तु कुछ देर बाद दोपहर करीब 12:00 बजे संदीप, सोनू, मोहित और प्रियांशु एक राय होकर सागर के घर में घुस आए। आरोपितो ने गाली-गलौज करते हुए सागर, उसके पिता रमेश पाल और माता संगीता के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए, तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। मारपीट में सागर के पिता रमेश पाल को काफी चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घायल का उपचार कराने के कारण तहरीर देने में देरी हुई। गुरुवार को सागर ने झबरेड़ा थाने पहुंचकर नामजद आरोपितो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। झगड़ा थाने प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस को मामले की तहरीर मिली है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपितो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




