झबरेड़ा 8 मार्च। थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक युवती ने अपने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मानसिक व शारीरिक क्रूरता और स्त्रीधन हड़पने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पीड़िता का आरोप है कि शादी में 60 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद उसे बेटी पैदा होने पर प्रताड़ित किया गया और उसका सारा जेवर छीनकर घर से निकाल दिया गया।

कुंजा रोड, इकबालपुर निवासी अनु त्यागी की शादी 16 फरवरी 2021 को साहिबाबाद (गाजियाबाद) निवासी हर्ष त्यागी के साथ हुई थी। पीड़िता के पिता ज्ञानेन्द्र त्यागी ने सामर्थ्य से बढ़कर शादी में लगभग 60 लाख रुपये खर्च किए थे। तहरीर के अनुसार, सगाई और रिंग सेरेमनी में ही 26 लाख रुपये नकद दिए गए थे, साथ ही दूल्हे और उसके परिवार को सोने-चांदी के भारी आभूषण उपहार में दिए गए थे। अनु त्यागी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने 20 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी। हद तो तब हो गई जब मई 2024 में पुत्री ‘मनुश्री’ के जन्म के बाद ससुराल वालों का व्यवहार और भी हिंसक हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बेटी पैदा होने पर उसे कई-कई दिनों तक खाना नहीं दिया गया तथा पति ने वैवाहिक संबंध तोड़ लिए और सास-ससुर ने समझाने के बजाय ‘बेटी पैदा करने का दंड’ भुगतने की बात कही।बीमारी (डेंगू) के दौरान भी इलाज के खर्च के नाम पर मायके वालों से 5 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। बताया कि 12 अक्टूबर 2025 को पति साजिश के तहत अनु को बाजार ले गया और पीछे से घर में रखा उसका सारा जेवर गायब कर दिया गया। जब पीड़िता के माता-पिता ने इस पर आपत्ति जताई, तो ससुराल वालों ने पहले चोरी से इनकार किया और बाद में जेवर हड़पने की बात स्वीकारते हुए वापस करने से मना कर दिया। लगातार बढ़ रही क्रूरता के कारण अनु 11 नवंबर 2025 को अपनी मासूम बेटी के साथ मायके आ गई। 13 दिसंबर को गांव इकबालपुर में हुई पंचायत में भी विपक्षीगण अपनी 20 लाख की मांग पर अड़े रहे और जेवर लौटाने से साफ मना कर दिया। महिला हेल्पलाइन रुड़की और थाना झबरेड़ा में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने संज्ञान लिया है। थाना अध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर पति हर्ष त्यागी सास कविता त्यागी, ससुर सुनील कुमार त्यागी आरोपितो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।





