
झबरेड़ा 15 मार्च। थाना क्षेत्र के गांव में पानी के पाइप को लेकर मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गांव के ही दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर पिता, पुत्र और पुत्री को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव खाताखेड़ी निवासी जमशेद ने थाने में दी तहरीर में बताया कि गांव के ही प्रवेज और उसके दो बेटों उवेश व माज के साथ पानी के पाइप को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रवेज और उसके दोनों बेटों ने जमशेद पर हमला कर दिया। जब बीच-बचाव करने जमशेद की पुत्री शफिया और पुत्र आमीर आए, तो आरोपितो ने उनके साथ भी अभद्रता करते हुए बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित जमशेद का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपितो ने उन्हें गंदी गंदी गालियां दीं और काफी चोटें पहुंचाईं। हमले के बाद जाते-जाते आरोपितो ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि आज तो बच गए, लेकिन दोबारा मौका मिलते ही देख लेंगे। पुलिस ने पीड़ित जमशेद की तहरीर के आधार पर प्रवेज, उवेश और माज के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अजय शाह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।





