झबरेड़ा 15 मार्च। थाना क्षेत्र के गांव में पुलिया के पास भारी मात्रा में गौवंशीय अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने सूचना के आधार पर मौके से लगभग 85 किलोग्राम गौवंशीय खाल, सिर व अन्य अवशेष बरामद किए हैं। मामले में अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ गौवंश संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

झबरेड़ा थाना अध्यक्ष अजय शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार 13 मार्च को झबरेड़ा पुलिस को सूचनाकर्ता सोना पंडित ने फोन पर सूचना दी कि लाठरदेवा शेख गांव के पास पुलिया के किनारे सफेद प्लास्टिक के कट्टों में गौवंशीय अवशेष पड़े हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोकशी कर मांस बेच दिया गया है और अवशेषों को वहां फेंक दिया गया है। सूचना मिलते ही उप-निरीक्षक योगेश कुमार, हेड कांस्टेबल रामवीर सिंह व अन्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पहले से ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा थी। पुलिस ने जब मौके का जायजा किया, तो पानी और पुलिया के किनारे प्लास्टिक के कट्टों में गौवंशीय खाल और सिर बरामद हुए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि सैनी को मौके पर बुलाया गया। चिकित्साधिकारी ने मौके पर पहुंचकर अवशेषों का निरीक्षण किया और गौमांस होने की पुष्टि की। पुलिस द्वारा प्रयोगशाला परीक्षण हेतु अवशेषों के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया गया है। पशु चिकित्साधिकारी के दिशा-निर्देशन में, बरामद अवशेषों को नाले के किनारे एक खेत में गड्ढा खुदवाकर और उचित अम्लीय छिड़काव कर नष्ट किया गया। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि नगला कुबड़ा, अकबरपुर झोझा, हरजोली झोझा, बलैलपुर, खाताखेड़ी और पाडली गंदा जैसे आसपास के क्षेत्रों के जंगलों में भी अवशेष हो सकते हैं। सूचना पर पुलिस ने देर रात तक इन गांवों और नालों में सर्च ऑपरेशन चलाया, हालांकि अन्य किसी स्थान से कोई बरामदगी नहीं हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गोकशी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपितो को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस टीम में इकबालपुर चौकी इंचार्ज योगेश कुमार, हेड कानि0 रामवीर सिंह व अन्य मौजूद रहे।





