
झबरेड़ा 10 मार्च। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कोटवाल आलमपुर में एक 10 वर्षीय बालिका के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है।

पुलिस ने पीड़ित बालिका के दादा की तहरीर पर गांव के ही एक युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।बालिका के दादा द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार को जब उनकी 10 वर्षीय पोती गांव के रास्ते से जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही निवासी शुभम ने बालिका को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवक ने बालिका के साथ जबरन छेड़छाड़ और गलत हरकत की। डरी-सहमी बालिका किसी तरह आरोपित के चंगुल से छूटकर घर भागी और परिजनों को आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया है। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी शुभम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपित के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।इस घटना के बाद से गांव में रोष का माहौल है और ग्रामीण आरोपित की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।




