झबरेड़ा, 22 फरवरी। थाना क्षेत्र के एक गांव से शनिवार शाम एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। महिला अपने ससुराल से मायके जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को उक्त विवाहिता ने अपने ससुराल वालों को बताया कि वह अपने मायके जा रही है। लेकिन जब देर शाम तक उसके मायके पहुंचने की सूचना नहीं मिली, तो ससुराल पक्ष ने फोन कर जानकारी ली। पता चला कि महिला वहां पहुंची ही नहीं थी। महिला के लापता होने की खबर से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। शनिवार पूरी रात ससुराल और मायके पक्ष के लोगों ने मिलकर अपनी तमाम रिश्तेदारियों और जान-पहचान वालों के यहाँ खोजबीन की, लेकिन महिला का कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। परेशान परिजनों ने थाने पहुँचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और महिला की बरामदगी के लिए तहरीर देकर गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष अजय शाह का कहना है कि महिला के लापता होने के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। महिला का पता लगाने के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही उसे सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।





