झबरेडा 26 फरवरी। कस्बा के मोहल्ला में घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया। पीड़ित महिला ने एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कस्बा झबरेडा स्थित मोहल्ला तेलियान निवासी एक महिला ने तहरीर देकर बताया कि पड़ोस के ही रहने वाले दो पुरुषों और दो महिलाओं ने उनके घर में अवैध रूप से घुस कर महिला और उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में महिला और उनके भाई-बहन घायल हो गए हैं। पीड़िता ने बताया कि जब घर के भीतर झगड़ा और शोर-शराबा बढ़ा, तो आवाज सुनकर आसपास के मोहल्लेवासी इकट्ठा होने लगे। भीड़ को अपनी ओर आता देखकर मारपीट करने वाले मौके से फरार हो गए। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





