झबरेडा 2 मार्च। कस्बा व ग्रामीण क्षेत्र में होली का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही महिला,बच्चे और श्रद्धालुओं ने होलिका स्थल पर पहुँचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

झबरेडा कस्बा व इकबालपुर,लखनोता क्षेत्र के गांव स्थित प्राचीन होलिका दहन स्थल पर सोमवार सुबह से ही महिलाओं,बच्चों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। महिलाओं ने होलिका माता को जल अर्पित किया और सूत का धागा लपेटकर परिक्रमा की। पूजन सामग्री में गोबर के उपले,नई फसल में गेहूँ की बालियाँ, हल्दी,अक्षत और फूल, बेर अर्पित किए गए। महिला उषा सैनी,संतोष,चाहती सैनी,अंजू,कुसुम,मंजू, बाला,रमेशो,नेहा,पुनम सैनी,रेखा ने बताया कि होलिका पूजन से घर में नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और बच्चों पर आने वाले संकट टल जाते हैं। होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। अग्नि प्रज्वलित होने के बाद लोग एक-दूसरे को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएँ देते हैं। वहीं त्योहार के मद्देनजर झबरेडा थाना पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि थाना क्षेत्र में कोई ऐसा संवेदनशील स्थान नहीं है फिर भी सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि होलिका दहन के समय दमकल विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। अराजकता फैलाने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और अपील की गई है कि लोग रसायनों वाले रंगों के बजाय प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करें और आपसी भाईचारे के साथ इस पर्व को मनाएँ। रात्रि लगभग 7:45 पर होली की पूजा अर्चना कर होलिका दहन किया गया।





