झबरेड़ा 2 मार्च। इकबालपुर-मंगलौर मार्ग पर देर शाम सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

झबरेडा थाना क्षेत्र के ग्राम फाजिलपुर निवासी बिशांत कुमार पुत्र गुलशन उम्र लगभग 24वर्ष रविवार देर शाम इकबालपुर से अपने घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह मूलेवाला गांव के समीप स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित टेंपो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिशांत सड़क पर गिर गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद टेंपो चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही इकबालपुर पुलिस चौकी इंचार्ज नवीन चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही फाजिलपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। नम आंखों के साथ गांव के श्मशान घाट पर विधि-विधान से उसका अंतिम संस्कार किया गया। इकबालपुर चौकी इंचार्ज नवीन चौहान का कहना है कि फरार टेंपो चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।





