
झबरेड़ा 9 मार्च। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम में सोमवार देर शाम एक शराबी युवक की हरकत से गांव में भारी तनाव फैल गया। युवक पर 10 वर्षीय बालिका का रास्ता रोकने और उसके साथ अभद्रता करने का आरोप लगा है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम गांव कोटवाल आलमपुर का ही एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर रास्ते में खड़ा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही 10 वर्षीय बालिका को उसने रोक लिया और उसके व उसके परिजनों का नाम-पता पूछने लगा। युवक की संदिग्ध हरकतों और नशे की हालत देखकर बालिका बुरी तरह डर गई। बालिका ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और भागकर अपने घर पहुंची। जब परिजनों को इस बात का पता चला, तो मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। घटना से आक्रोशित बालिका के परिजनों ने तुरंत थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। परिजनों ने युवक पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी ओर, गांव में मामले को शांत करने के लिए दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सतर्क है थानाध्यक्ष अजय शाह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




