झबरेड़ा 11 मार्च। थाना क्षेत्र के गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। आरोप है कि एक पक्ष के दबंगों ने धारदार हथियारों, सरिये और लाठियों से दूसरे परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें पिता-पुत्र सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

झबरेडा थाना क्षेत्र स्थित गांव खाताखेड़ी निवासी शान मोहम्मद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पड़ोसी आमिर, रहीश, कैफ, जमशेद, फरीन और रजीना उनके घेर के सामने बड़ा पाइप लगाकर रास्ता बाधित कर रहे थे। जो उनके पशु बांधने की जगह है। जब उनके द्वारा झोटा-बुग्गी निकालने में हो रही असुविधा का विरोध किया, तो विपक्षी आगबबूला हो गए। आरोप है कि हमलावर पक्ष के लोग हाथों में छूरी, सरिया और लाठियां लेकर आए और जानलेवा हमला कर दिया। आमिर ने छूरी से वार कर उवैश का गाल काट दिया तथा रहीश ने लोहे के सरिये से मौ माज के सिर पर वार किया, जिससे उसका माथा फट गया। कैफ और जमशेद ने लाठियों से शान मोहम्मद पर हमला किया, जिससे उनका दायां हाथ गंभीर रूप से चोटिल हो गया।इतना ही नहीं, दबंगों ने घर में बंधी भैंसों को भी लाठियों से पीटा और जमकर पथराव किया। हमले में शान मोहम्मद, उनके भाई उवैश, मोहम्मद माज और उनके पिता को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद रात करीब 11 बजे आरोपितो ने दोबारा उनके घर पर आकर धमकी दी कि यदि पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित परिवार ने आरोपियों को शातिर और आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार पुलिस से लगाई है। पुलिस को मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष अजय शाह का कहना है कि तहरीर के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।





