Oplus_16908288
झबरेड़ा 12 मार्च। विजिलेंस टीम ने झबरेड़ा क्षेत्र के ग्राम झबरेडी कला और मानकपुर में बिजली चोरी और बकाया वसूली को लेकर एक बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के विद्युत चोरों और लंबे समय से बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।

गुरुवार को विजिलेंस टीम तथा उपखंड झबरेड़ा अधिकारी टीम बकायेदारों की लंबी सूची लेकर क्षेत्र के गांव मानकपुर आदमपुर व झबरेड़ी कला में पहुंची। अभियान के दौरान 30 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटते हुए उनके मीटर उतार लिए गए। चेकिंग के दौरान एक ग्रामीण को सीधे कटिया डालकर बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।एक उपभोक्ता अपने नलकूप मीटर से कमर्शियल कार्य करते हुए पाया गया, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई। एसडीओ झबरेड़ा मोहम्मद रिजवान ने बताया कि कुल 30 लोगों पर 22 लख रुपए का बकाया चल रहा था जिनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान अभी थमेगा नहीं, बल्कि लगातार जारी रहेगा। जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन पहले बकाया होने के कारण काटे गए थे, उनकी पुनः चेकिंग की जा रही है। यदि वे दोबारा अवैध रूप से बिजली जोड़ते पाए गए या बिल जमा नहीं किया, तो उनके खिलाफ आरसी काटने की सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे कानूनी कार्रवाई और असुविधा से बचने के लिए अपने बिजली बिल समय पर जमा करें।संयुक्त टीम में स्थानीय उपखंड अधिकारी मोहम्मद रिजवान और जेई अशोक कुमार व विजिलेंस टीम में एसडीओ अनिल, एसडीओ विकास, एसडीओ रॉबिन और इंस्पेक्टर मारुतशाह मौजूद थे।





