
झबरेड़ा 18 मार्च। झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर स्थित ग्राम खजुरी तिराहा पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। झबरेड़ा से इकबालपुर की ओर जा रहा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुस गया। इस घटना में दुकानदार, वहां बैठे ग्राहक और स्कूटी सवार दो युवतियां बाल-बाल बच गए।

मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:00 बजे झबरेड़ा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। ट्रक सीधे खजुरी निवासी कांग्रेस नेता विकास त्यागी की दुकानों में जा घुसा। इन दुकानों में ग्राम खजुरी निवासी पंजाब हलवाई चाय-पकौड़ी और परचून की दुकान चलाता हैं। दुकानदार पंजाब हलवाई ने बताया कि हादसे के वक्त वह दुकान पर काम कर रहे थे और कुछ ग्राहक भी वहां बैठे थे। जैसे ही उन्होंने बेकाबू ट्रक को अपनी ओर आते देखा, वे और उनके ग्राहक तुरंत दुकान से बाहर दूसरी ओर भाग निकले। ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान का काउंटर और हजारों रुपये का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। हादसे के समय मार्ग से गुजर रहीं स्कूटी सवार दो युवतियां भी ट्रक की चपेट में आ गईं। गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




