Oplus_16908288
झबरेडा 21 मार्च। कस्बा झबरेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया।

शनिवार को झबरेड़ा थाना, इकबालपुर चौकी और लखनौता चौकी क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने स्थानीय ईदगाहों और मस्जिदों में एकत्रित होकर ईद की नमाज अदा की।ईद उल फितर की नमाज के दौरान देश और क्षेत्र में अमन, चैन व खुशहाली के लिए सामूहिक दुआएं मांगी गईं। नमाज संपन्न होने के बाद अकीदतमंदों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके बाद घरों में दावतों का दौर शुरू हुआ, जहां लोगों ने शीर-खुरमा और विभिन्न व्यंजनों के साथ मेहमानों का स्वागत किया। त्योहार को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि पूरे झबरेड़ा थाना क्षेत्र में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ है। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। पुलिस बल क्षेत्र में गश्त करता रहा ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने क्षेत्रवासियों को शांतिपूर्वक त्योहार मनाने के लिए धन्यवाद भी दिया।





