Oplus_19005440
झबरेडा 2 अप्रैल। कस्बा झबरेड़ा में श्री हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बेहद हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर जहां मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और भंडारे आयोजित किए गए, वहीं सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करते हुए एक निर्धन कन्या का विवाह भी धूमधाम से संपन्न कराया गया। कस्बे में निकली मनमोहक झांकियों ने स्थानीय निवासियों का मन मोह लिया।

गुरुवार को श्री हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर उत्सव की शुरुआत में अखाड़ा मंदिर में पंडित सुनील शास्त्री द्वारा विधि-विधान से श्री हनुमान जी का पूजन और यज्ञ संपन्न कराया गया। इस दौरान शिक्षाविद चौधरी कुलबीर सिंह ने सपरिवार पूजा-अर्चना की और मंदिर शिखर पर भव्य ध्वज चढ़ाया। इस पावन अवसर को और अधिक विशेष बनाते हुए मंदिर परिसर में एक पुनीत कार्य संपन्न हुआ। कस्बे की ही एक निर्धन कन्या आंचल पुत्री मांगेराम, निवासी झबरेड़ा का विवाह पूरे हिंदू रीति-रिवाज और दान-दहेज के साथ शुभम पुत्र वीर सिंह, निवासी सुभरी, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के संग संपन्न कराया गया। उपस्थित लोगों ने नवदंपति को सुखी जीवन का आशीर्वाद दिया। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं दूसरी ओर, बालाजी सेवा समिति झबरेड़ा की ओर से भी हनुमान जन्मोत्सव पर विशेष आयोजन किए गए। पंडित सत्यपाल गौतम ने विधि-विधान से पूजा और हवन संपन्न कराया, जिसके बाद प्रसाद वितरण किया गया तथा दोपहर बाद कस्बे में एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ गौरव चौधरी द्वारा नई मंडी बाग स्थित गुलाब सिंह के आवास से किया गया। शोभायात्रा शिव चौक, मुख्य मार्ग, मुख्य बाजार, पुराना बाजार, छावनी मोहल्ला और रविदास मंदिर होते हुए पुनः शिव चौक पर आकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में श्री हनुमान जी महाराज, श्री सियारामचंद्र जी, श्री राधा-कृष्ण और शिव तांडव की सजीव व मनमोहक झांकियां बैंड बाजो व डीजे के साथ शामिल थीं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। कस्बे में कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों द्वारा शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया और जगह-जगह स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस पूरे धार्मिक आयोजन के दौरान कस्बे के अनेक गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्य रूप से चौधरी मानवेंद्र सिंह, प्रहलाद सिंह,डॉ जोध सिंह, इंद्रेश मोती, अशोक धीमान, जितेंद्र कुमार, मुकेश कश्यप, कपिल, अभय, रोहित, मोनू, डॉ. विपिन, रवींद्र पंवार, सुंदर, महिपाल, सचिन, अमित, शुभम गोयल, दिनेश चौधरी, राजू, आदेश, अंकित, ऋषभ शर्मा, सुशील आर्य और वीरेंद्र सहित भारी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे। शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो इसके लिए थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।





