
झबरेड़ा 2 अप्रैल। कस्बे के एक मोहल्ले से दो किशोरिया संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

कस्बा झबरेड़ा के एक मोहल्ला निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीती 31 मार्च को वह अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए ‘सफरपुर’ गए हुए थे। इस दौरान उनकी 14 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी। दोपहर करीब 12 बजे तक वह घर पर ही देखी गई थी। शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच जब परिवार वापस घर लौटा, तो बेटी वहां मौजूद नहीं थी। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। वहीं परिजनों द्वारा की गई छानबीन में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। पता चला कि उनके पड़ोस में रहने वाले किशोरी भी उसी समय से घर से गायब है। महिला ने अंदेशा जताया है कि दोनों किशोरिया एक साथ कहीं चली गई हैं या किसी परिस्थिति का शिकार हुई हैं। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द बच्चियों को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दोनों किशोरियों की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी हैं और आसपास के लोगों व सीसीटीवी फुटेज के जरिए सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।




