Oplus_16908288
झबरेडा 3 अप्रैल। झबरेड़ा-मंगलौर मार्ग पर किसान चौक के समीप गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ मिट्टी से भरे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 21 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:45 बजे तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मंगलौर से झबरेड़ा होते हुए अपने घर उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर अंतर्गत ग्राम खेड़ा मुगल जा रहे थे। जैसे ही वे झबरेड़ा कस्बे से कुछ आगे मंगलौर मार्ग पर स्थित किसान चौक के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक मिट्टी से भरे अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में 21 वर्षीय शहजाद की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वहीं उसके साथी शाहिद और जावेद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपित डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। राहगीरों ने तुरंत दुर्घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मामले की जानकारी देते हुए सब-इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को कस्बे के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक शहजाद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। घटना की सूचना मिलते ही घायलों और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुट गई है।




