Oplus_16908288

झबरेड़ा 3 अप्रैल। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से लापता हुई दो नाबालिग सहेलियों को महज 24 घंटे के भीतर जालंधर पंजाब से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि झबरेड़ा निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के 31 मार्च को बिना बताए घर से कहीं चले जाने के संबंध में 1 अप्रैल को थाना झबरेड़ा में मुकदमा दर्ज कराया था। परिजनों ने यह भी जानकारी दी कि उनकी बेटी के साथ पड़ोस की एक अन्य लड़की भी गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामला नाबालिग लड़कियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने बेहद संवेदनशीलता दिखाई और तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने सुरागों और सर्विलांस की मदद से दोनों लड़कियों को ट्रैक किया। 2 अप्रैल को पुलिस ने दोनों लड़कियों को जालंधर (पंजाब) रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही सकुशल अपने संरक्षण में ले लिया। पूछताछ में दोनों लड़कियों ने बताया कि वे घर से नाराज होकर अपने किसी परिचित के यहां जा रही थीं थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि बरामदगी के बाद अब मामले में आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर दोनों किशोरियों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह,उप-निरीक्षक रविंद्र सिंह,अपर उप-निरीक्षक गिरीश सिंह,कांस्टेबल रणवीर सिंह शामिल रहे।




