
झबरेड़ा 6 अप्रैल। झबरेड़ा-मंगलौर मार्ग पर स्थित किसान चौक के पास मिट्टी से भरे डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपित डंपर चालक को डंपर समेत गिरफ्तार कर लिया है।

बीती 3 अप्रैल की रात लगभग 11:00 बजे झबरेड़ा कस्बे से कुछ दूर किसान चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। यहाँ मिट्टी से भरे एक अनियंत्रित डंपर ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार 21 वर्षीय शहजाद निवासी ग्राम खेड़ामुगल, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे में शहजाद के साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद आरोपित चालक डंपर लेकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गया था। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि 4 अप्रैल को हादसे में घायल जावेद की तहरीर के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इकबालपुर के पास से आरोपित डंपर चालक को डंपर सहित दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी चालक की पहचान कुलदीप निवासी ग्राम सिकंदरपुर, थाना रतनपुरी, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कानूनी कार्रवाई की गई है।




